Satyavan Samachar

बार एसोसिएशन अजीतमल का शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम।

बार एसोसिएशन अजीतमल का शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम औरैया जनपद के अजीतमल तहसील क्षेत्र में बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Read More »

मुख्यमंत्री ने अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में विचार व्यक्त किये राइजिंग यू0पी0 अब शाइनिंग यू0पी0 के रूप में आगे आ चुका, जनता की संतुष्टि इसका आधार : मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में आज डबल इंजन सरकार का लाभ उ0प्र0
को प्राप्त हो रहा, हम सभी ने विगत 07 वर्षों में उ0प्र0 को बदलते हुए देखा !

प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन बनने की सामर्थ्य रखता, प्रदेश इस रूप में स्वयं को प्रस्तुत कर रहा

विगत 10 वर्षों में देश में हुए परिवर्तनों के परिणाम स्वरूप नया भारत देखने को मिल रहा,
भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में देखा जा रहा

जनविश्वास सुदृढ़ हुआ, बिना भेदभाव गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक तबके को प्राप्त हो रहा

युवाओं के रोजगार, आजीविका के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही, भारत की आस्था को सम्मान दिया गया

प्रदेश ने विगत 07 वर्षों में अपनी जी0डी0पी0 तथा प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने में सफलता प्राप्त की

देश को 05 ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनाने के लिए उ0प्र0 को ब्रेकथ्रू के रूप में जाना जा रहा

राज्य में देश के एक्सप्रेस-वे का 40 प्रतिशत हिस्सा, गंगा एक्सप्रेस-वे बनने के
पश्चात देश के एक्सप्रेस-वे का 55 प्रतिशत हिस्सा उ0प्र0 के पास हो जाएगा

आगामी मार्च महीने के प्रथम सप्ताह में प्रधानमंत्री जी के कर कमलों द्वारा 10 नए एयरपोर्ट का लोकार्पण कराये जाने का प्रयास

जेवर में एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट को इसी वर्ष क्रियाशील करने की दिशा में कार्य किया जा रहा

वाराणसी से हल्दिया के बीच इनलैण्ड वॉटर-वे प्रारम्भ, अयोध्या को हल्दिया के साथ जोड़ने की तैयारी

प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 का बड़ा बेस, प्रदेश से लगभग 02 लाख
करोड़ रु0 का निर्यात एम0एस0एम0ई0 सेक्टर से किया जा रहा

राज्य की बेरोजगारी दर को नियंत्रित करते हुए देश में न्यूनतम स्तर तक लाने में सफलता मिली

प्रदेश, देश का पहला राज्य, जिसने खेल नीति बनाकर खिलाड़ियों को शासन की सेवा में अवसर दिया

02 करोड़ युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन के माध्यम से तकनीकी दृष्टि से सक्षम बनाने का कार्य किया जा रहा

प्रदेश सरकार समाज के अन्तिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के संतुष्टीकरण के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही

अयोध्याधाम में एक माह में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए

यदि प्रत्येक स्तम्भ मजबूत होगा तो लोकतंत्र सबल और सशक्त होगा, इस दृष्टि से 75 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों
के साथ ही स्वर्णिम शताब्दी वर्ष की भावी कार्य योजना के साथ अमर उजाला परिवार आगे बढ़ रहा

मीडिया की विश्वसनीयता उसके समाचार से होती, समाज के विभिन्न
तबके के लोग आर्टिकल के माध्यम से अपनी बातों को लोगों के सामने रखते

मुख्यमंत्री ने अमर उजाला के विशेष संस्करण यू0पी0 अचीवर्स का विमोचन तथा ए0आई0 एंकर सृष्टि का लोकार्पण किया

लखनऊ : 26 फरवरी, 2024

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि राइजिंग यू0पी0 अब शाइनिंग यू0पी0 के रूप में आगे आ चुका है। जनता की संतुष्टि इसका आधार है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में आज डबल इंजन सरकार का लाभ उत्तर प्रदेश को प्राप्त हो रहा है। हम सभी ने विगत 07 वर्षों में उत्तर प्रदेश को बदलते हुए देखा है। आज उत्तर प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन बनने की सामर्थ्य रखता है। प्रदेश इस रूप में स्वयं को प्रस्तुत कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विगत 10 वर्षों में देश में हुए परिवर्तनों के परिणामस्वरूप हमें नया भारत देखने को मिल रहा है। एक ऐसा भारत जिसका दुनिया में सम्मान है और जिसकी सीमाएं तथा आंतरिक व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित हैं। आज देश में आतंकवाद, उग्रवाद तथा नक्सलवाद नियंत्रण में हैं। भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनविश्वास सुदृढ़ हुआ है। बिना भेदभाव गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक तबके को प्राप्त हो रहा है। युवाओं के रोजगार और आजीविका के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भारत की आस्था को भी सम्मान दिया गया है। स्वतंत्रता के पश्चात यह सुखद अनुभव भारतवासी पहली बार महसूस कर रहे हैं। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व के कारण संभव हो पाया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले प्रदेश में वर्ष भर में औसतन तीन-साढ़े तीन सौ दंगे होते थे। वर्ष का आधा समय कर्फ्यू में व्यतीत होता था। प्रदेश में व्यक्ति और निवेश सुरक्षित नहीं था। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। आस्था का अनादर होता था। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे क्षेत्र धूल धूसरित हो रहे थे। आज प्रदेश के युवाओं के हाथों में तमंचा नहीं बल्कि टैबलेट देखा जा सकता है। प्रदेश का युवा एक नई कार्य संस्कृति के साथ देखने को मिलेगा। सड़कों पर रंगदारी नहीं, बल्कि स्ट्रीट वेंडर्स के लिए पी0एम0 स्वनिधि जैसी योजनाएं हैं, जो उनके आर्थिक स्वावलम्बन का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। आज राज्य में कर्फ्यू नहीं, बल्कि धूम धड़ाके के साथ कांवड़ यात्राएं निकलती हैं। प्रदेश में दंगा नहीं बल्कि युवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए दंगल आयोजित होते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश ने विगत 07 वर्षों में अपनी जी0डी0पी0 तथा प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने में सफलता प्राप्त की है। पहले प्रदेश को देश के विकास का ब्रेकर माना जाता था । आज देश को 05 ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश को ब्रेकथ्रू के रूप में जाना जा रहा है। लोग व प्रदेश वही हैं, लेकिन संस्कृति बदली है। इस बदली हुई कार्य संस्कृति में प्रदेश, देश के अंदर प्रत्येक क्षेत्र में एक मॉडल के रूप में जाना जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले प्रदेश को निवेश नहीं प्राप्त होता था। जुलाई 2018 में पहली ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में 61 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जमीनी धरातल पर उतारने का अवसर प्राप्त हुआ था। प्रधानमंत्री जी के कर कमलों द्वारा 19 फरवरी, 2024 को चौथी ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में 10 लाख 24 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों का शिलान्यास किया गया। यह बदले हुए परिवेश का परिणाम है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश जैसा इंफ्रास्ट्रक्चर कहीं और देखने को नहीं मिलेगा। जिस प्रदेश की पहचान पहले गड्ढों से होती थी, आज वह एक्सप्रेस-वे प्रदेश के रूप में जाना जा रहा है। राज्य में पूर्व से पश्चिम, मध्य से पूर्व तथा मध्य से पश्चिम जोड़ने के लिए एक्सप्रेस-वे हैं। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का सबसे बड़ा नेटवर्क प्रदेश के पास है। राज्य में देश के एक्सप्रेस-वे का 40 प्रतिशत हिस्सा है। गंगा एक्सप्रेस-वे बनने के पश्चात देश के एक्सप्रेस-वे का 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश के पास हो जाएगा। प्रदेश सरकार इसे दिसंबर 2024 तक पूरा करने के लक्ष्य साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में बेहतरीन एयर कनेक्टिविटी है। गोरखपुर से 14 फ्लाइटें संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में वर्ष 2017 से पूर्व केवल दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे। आज 09 एयरपोर्ट पूरी तरह क्रियाशील हैं। इनमें चार इण्टरनेशनल एयरपोर्ट सम्मिलित हैं। प्रदेश सरकार द्वारा आगामी मार्च महीने के प्रथम सप्ताह में प्रधानमंत्री जी के कर कमलों द्वारा 10 नए एयरपोर्ट का लोकार्पण कराये जाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी द्वारा 30 दिसम्बर, 2023 को अयोध्या धाम में महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया है। जेवर में एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट को इसी वर्ष क्रियाशील करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को लैण्डलॉक्ड स्टेट कहा जाता था। प्रदेश में सदानीरा नदियां हैं। वाराणसी से हल्दिया के बीच इनलैण्ड वॉटर-वे का उपयोग प्रारम्भ कर दिया गया है। प्रदेश में इनलैण्ड वॉटर-वे अथॉरिटी गठित करने के पश्चात अयोध्या को भी हल्दिया के साथ जोड़ने की तैयारी प्रारम्भ कर दी गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 का बड़ा बेस है। आज प्रदेश से लगभग 02 लाख करोड़ रुपये का निर्यात एम0एस0एम0ई0 सेक्टर से किया जा रहा है। यह क्षेत्र देश को नई पहचान दे रहा है। युवाओं के लिए रोजगार और नौकरी की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है। राज्य की बेरोजगारी दर को नियंत्रित करते हुए देश में न्यूनतम स्तर तक लाने में सफलता प्राप्त हुई है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी अनेक योजनाएं हैं। किसानों को एम0एस0पी0 के अंतर्गत लागत का डेढ़ गुना दाम प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा मातृ वंदना योजना जैसी योजनाएं हैं। उद्यमियों के लिए भी शासन की अलग-अलग प्रकार की योजनाएं हैं। वृद्धजन, दिव्यांगजन, निराश्रित महिलाओं आदि वर्गों के लिए प्रदेश सरकार की योजनाएं मिशन मोड पर आगे बढ़ाई जा रही हैं। प्रदेश पहले प्रत्येक योजना में पीछे माना जाता था, आज प्रत्येक योजना में नम्बर एक पर है। प्रदेश, देश का पहला राज्य है जिसने खेल नीति बनाकर खिलाड़ियों को शासन की सेवा में अवसर दिया है। 06 खिलाड़ियों को डिप्टी एस0पी0 के पद पर नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। ओलम्पिक तथा एशियाई गेम्स में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है। 500 से अधिक खिलाड़ियों को अलग-अलग विभागों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए नियुक्ति प्रदान की गई है, जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 02 करोड़ युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन के माध्यम से तकनीकी दृष्टि से सक्षम बनाने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से कोचिंग प्रदान की जा रही है। इसके माध्यम से युवा वर्चुअल अथवा भौतिक रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकता है। टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन करने का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश, देश की छठी अर्थव्यवस्था था। आज राज्य नम्बर दो अर्थव्यवस्था बन चुका है। प्रदेश वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में 14वें स्थान पर था। पहले दो ही वर्षों में राज्य ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में नम्बर दो पर पहुंच गया था। आज प्रदेश, देश में अचीवर स्टेट के रूप में जाना जा रहा है। सरकार का कार्य किसी व्यक्ति, जाति, मत, मजहब का तुष्टीकरण करना नहीं बल्कि सर्वसमाज की संतुष्टि करना होना चाहिए। प्रदेश सरकार समाज के अन्तिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के संतुष्टीकरण के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। यही लोकतंत्र की सच्ची भावना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अयोध्याधाम में एक माह में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। आने वाले समय में जितने श्रद्धालु और पर्यटक प्रदेश में आएंगे, दुनिया में कहीं भी इतनी बड़ी संख्या में टूरिस्ट तथा श्रद्धालु नहीं आएंगे। यह संख्या और भी बढ़ेगी। प्रदेश में श्री काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या धाम, प्रयागराज कुम्भ, मथुरा-वृन्दावन, बरसाना जैसे धार्मिक स्थलों में सेवा क्षेत्र से जुड़ी अनेक सम्भावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि लोकतंत्र में मीडिया की सशक्त भूमिका होती है। मीडिया के प्रिंट, विजुअल, सोशल तथा डिजिटल आदि अलग-अलग स्वरूप हैं। मीडिया ने कहीं न कहीं व्यवस्था को प्रभावित किया है। प्रिंट मीडिया की भूमिका को आज भी किसी भी स्थिति में कमतर नहीं आंका जा सकता।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ताधारी दल के साथ-साथ विपक्ष तथा आम जनमानस की भी भूमिका होती है। पूरी व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए विधायिका, न्यायपालिका, कार्यपालिका तथा मीडिया अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। यदि प्रत्येक स्तम्भ मजबूत होगा तो लोकतंत्र सबल और सशक्त होगा। इस दृष्टि से 75 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ ही स्वर्णिम शताब्दी वर्ष की भावी कार्य योजना के साथ अमर उजाला परिवार आगे बढ़ रहा है। इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से अमर उजाला परिवार आगामी 25 वर्षों की कार्य योजना लेकर आया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता उसके समाचार से होती है। समाज के विभिन्न तबके के लोग आर्टिकल के माध्यम से अपनी बातों को लोगों के सामने रखते हैं। इससे समाज का मार्गदर्शन होता है। लोगों के मंतव्य और विचार शासन तक पहुंचते हैं, इनको सुझाव के रूप में लिया जाता है। सही विचारों को संवेदनशील सरकार नजरंदाज नहीं कर सकती। सरकार उनका संज्ञान लेती है, लेकिन न्यूज की सत्यता होनी चाहिए। मीडिया समाज की भावनाओं को शासन तक पहुंचाने का माध्यम है। प्रबुद्धजन के व्यूज समय-समय पर मीडिया के माध्यम से प्रस्तुत करने पर समाज को दिशा प्राप्त होती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे। उस समय अमर उजाला की स्थापना के 98-99 वर्ष पूरे हो रहे होंगे। आपको तय करना चाहिए कि मीडिया का प्लेटफार्म कैसा होना चाहिए तथा उसके सामने क्या-क्या चुनौतियां हैं। वर्तमान में प्रिंट, विजुअल, डिजिटल तथा सोशल मीडिया के रूप में मीडिया के अनेक फॉर्म हैं। लोग अपनी-अपनी रुचि के अनुसार मीडिया प्लेटफॉर्म का चयन करते हैं। मीडिया को लोगों की रुचि और भावनाओं को सम्मान देना पड़ेगा। किसी एक फील्ड ने कहीं कोई कोताही बरती तो दूसरा व्यक्ति स्थान लेने को तैयार खड़ा है। नागरिक कर्तव्यों का पालन करना शासन में बैठे लोगों के साथ मीडिया का भी दायित्व है। यह राष्ट्र के प्रति बड़ी सेवा होगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ने अमर उजाला के विशेष संस्करण यू0पी0 अचीवर्स का विमोचन तथा ए0आई0 एंकर सृष्टि का लोकार्पण किया। अमर उजाला परिवार की ओर से मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
इस अवसर पर अमर उजाला समूह के प्रबन्ध निदेशक श्री तन्मय माहेश्वरी, अमर उजाला समूह के अध्यक्ष श्री वरुण माहेश्वरी, स्थानीय सम्पादक श्री विजय त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Ajay Yadav
Author: Ajay Yadav

Read More

बार एसोसिएशन अजीतमल का शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम।

बार एसोसिएशन अजीतमल का शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम औरैया जनपद के अजीतमल तहसील क्षेत्र में बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Read More »

सहजनवा विधानसभा के हरपुर बाजार में स्थापित सुप्रसिद्ध बड़ी माँ दुर्गा पूजा पांडाल की अपनी एक अलग ही पहचान।

हरपुर  सहजनवा विधानसभा के हरपुर बाजार में स्थापित सुप्रसिद्ध बड़ी माँ दुर्गा पूजा पांडाल की अपनी एक अलग ही पहचान है। पांडाल से लेकर चौराहे

Read More »