जमीन पर कब्जे का आरोप: सहजनवा में हल्का लेखपाल की रिपोर्ट पर भी उठे सवाल
फांट के मुताबिक हिस्से की जमीन पर कब्जे का आरोप, समाधान दिवस में शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
गोरखपुर/सहजनवां।
सहजनवां तहसील क्षेत्र में जमीन के हिस्से को लेकर कब्जे और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने तहसील प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर अवैध कब्जा हटवाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही लेखपाल की रिपोर्ट पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम बुदहट टोला डेलुआडीह निवासी चन्दन दूबे पुत्र निर्माण दत्त दूबे ने तहसील सहजनवां के प्रभारी अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी जमीन ग्राम चेचुआपार में गाटा संख्या 43 में स्थित है, जिसमें वह सहखातेदार है। प्रार्थी का आरोप है कि फांट के मुताबिक लाल रंग से चिह्नित जमीन उसका हिस्सा है, लेकिन विपक्षी मीराबेन पत्नी रमेशचन्द्र दूबे निवासी ग्राम विशुनपुरा, तहसील सहजनवां ने फांट से हटकर उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है।
पीड़ित का कहना है कि विपक्षी ने बिना किसी सक्षम अधिकारी को सूचना दिए मनमाने ढंग से पत्थर गाड़कर जमीन पर कब्जा कर लिया। जब उसने इसका विरोध किया तो अज्ञात लोगों के माध्यम से उसे जान-माल की धमकी दिलाई जाने लगी।
चन्दन दूबे का यह भी आरोप है कि 24 जनवरी 2026 को एक मोबाइल नंबर से धमकी भरा फोन आया, जिसमें उसके बारे में आपत्तिजनक बात कही गई। उस समय फोन उसकी माता ने उठाया था, जिसके कारण कॉल रिकॉर्ड नहीं हो सका।
पीड़ित ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत पूर्व में सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी की थी, लेकिन आरोप है कि हल्का लेखपाल ने बिना मौके पर गए ही गलत रिपोर्ट लगा दी। इतना ही नहीं, पीड़ित का दावा है कि उसकी जगह किसी अन्य व्यक्ति से हस्ताक्षर भी करा दिए गए।
पीड़ित युवक ने तहसील प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उसकी जमीन से अवैध कब्जा हटवाया जाए और फांट के मुताबिक उसके हिस्से की जमीन उसे दिलाई जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो जमीन को लेकर विवाद और बढ़ सकता है। वहीं पीड़ित चन्दन दूबे ने न्याय की गुहार लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उक्त संदर्भ में तहसील प्रशासन का कहना मामला संघान में आया है जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट गोरखपुर सुनील कुमार