गोरखपुर सहजनवां में चकबंदी के दौरान बंद हुआ सर्वजनिक रास्ता, जांच के बाद हटाने का निर्देश
सहजनवां (गोरखपुर)।
सहजनवां तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बड़गो में चकबंदी प्रक्रिया के दौरान सर्वजनिक रास्ते के चौड़ीकरण में अवरोध उत्पन्न हो गया था। जानकारी के अनुसार, सड़क से सटे गाटा पर चकबंदी लेखपाल के सहयोग से किए गए निर्माण के कारण रास्ता बाधित हो गया, जिससे ग्रामवासियों में रोष व्याप्त हो गया।
मामले की शिकायत पर उच्च अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए जांच कराई। उप संचालक चकबंदी (डीडीसी) के निर्देश पर संबंधित लेखपाल से अभिलेखों की जांच कराई गई। जांच उपरांत लेखपाल को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए रास्ते को पुनः ग्रामवासियों के आवागमन के लिए सुगम बनाने का निर्देश दिया गया।
डीडीसी दशरथ कुमार, एससीओ धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, सीओ देवकांत पांडेय एवं एसीओ निर्मल कुमार श्रीवास्तव की देखरेख में कार्रवाई की गई। संबंधित लेखपाल राहुल यादव के विरुद्ध भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और सर्वजनिक रास्ते को शीघ्र बहाल किए जाने की उम्मीद जताई है।
जिला ब्यूरो रिपोर्ट गोरखपुर सुनील कुमार