एडल्ट कफ सिरप पीने से मासूम की मौत, प्रशासन ने दिखाई संवेदनशीलता
बिधूना, औरैया।
जनपद में एडल्ट कफ सिरप पीने से एक मासूम बच्चे की मौत का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने त्वरित और संवेदनशील पहल करते हुए पीड़ित परिवार को राहत प्रदान की है। जिला प्रशासन के निर्देश पर रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से पीड़ित परिवार को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया।
मौके पर पहुँचीं उप जिलाधिकारी बिधूना गरिमा सोनिकिया ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस दुःखद घटना को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता से जांच करा रहा है।
एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया गया तो जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से पीड़ित परिवार को कठिन समय में सहारा मिला है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन द्वारा की गई सहायता की लोगों ने सराहना की है।
जिला ब्यूरो चीफ औरैया मोहम्मद शकील