राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अतरौलिया में ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद 2026-2027 का भव्य आयोजन, प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
अतरौलिया, आजमगढ़। मेरा युवा भारत (MY Bharat), आजमगढ़ द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अतरौलिया में ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद 2026-2027 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सुधा सिंह रहीं। कार्यक्रम का कुशल संयोजन मेरा युवा भारत की स्वयंसेविका एवं कार्यक्रम संयोजक रंजना भारद्वाज द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए नशा मुक्ति, युवा सशक्तिकरण और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विचार प्रस्तुत किए। उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने तथा एक स्वस्थ, शिक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती सुधा सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल, डायरी, पेन, MY Bharat प्रमाण पत्र एवं अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं श्रीमती बीना पांडेय, श्रीमती किरण मौर्य एवं श्रीमती तंद्रा यादव सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए युवाओं में सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक सोच विकसित करने के ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज के निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के संदेश के साथ हुआ।

